PRESS STATEMENT ISSUED BY BJP NATIONAL PRESIDENT, SHRI AMIT SHAH ON BJP'S VICTORY IN CHANDIGARH LOCAL BODY ELECTIONS

Press, Share | Dec 20, 2016

Tuesday, 20 December 2016

चंडीगढ़ निगम चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य

चंडीगढ़ निगम चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने चंडीगढ़ की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा संगठन पदाधिकारियों को बधाई दी है और कहा है कि डिमोनेटाईजेशन के फैसले के बाद संपन्न हुए हर चुनावों में देश की जनता ने प्रधानमंत्री जी के फैसले पर मुहर लगाने का काम किया है।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का जनता ने ह्रदय से समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि डिमोनेटाईजेशन के फैसले के बाद संपन्न हुए राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय के चुनावों और विधान सभा एवं लोक-सभा उप-चुनावों के परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष डिमोनेटाईजेशन के फैसले का राजीतिकरण करना चाहती है, इस पर राजनीति कर रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डिमोनेटाईजेशन के फैसले के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए सभी चुनावों में देश की जनता ने विपक्ष को यह अच्छे से समझाया है कि जनता का मूड क्या है और राजनीति की दिशा क्या है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन और भारतीय जनता पार्टी की ‘पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस' की नीति में देश की जनता की अटूट आस्था और विश्वास का एक और उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश के सभी हिस्से में जहां-जहां भी डिमोनेटाईजेशन के फैसले के बाद चुनाव हुए हैं और जनता ने भाजपा को प्रचंड विजय दिलाते हुए प्रधानमंत्री के फैसले पर जो मुहर लगाई है, मैं इसके लिए एक बार फिर से उन्हें धन्यवाद देता हूँ और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ।

डिमोनेटाईजेशन के फैसले के बाद एक के बाद एक निकाय चुनावों और उप-चुनावों में लगातार अभूतपूर्व जीतों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस देश में नकारात्मक राजनीति की प्रतीक बन गई है।

ज्ञात हो कि 18 दिसंबर, 2016 को संपन्न हुए चंडीगढ़ निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन को कुल 26 सीटों में से 21 सीटों पर विजय प्राप्त हुई है। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने कुल 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से 20 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की जबकि सहयोगी शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट पर जीत दर्ज की। पिछले चुनावों में भाजपा को 15 सीटों पर विजय मिली थी। पिछले चुनावों में कांग्रेस जहां 9 सीटों पर विजयी हुई थी, वहीं उसकी संख्या इस बार घटकर महज चार रह गई है। डिमोनेटाइजेशन के फैसले के बाद संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की यह लगातार चौथी जीत है।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: