Press, Share | May 15, 2018
15 May 2018
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा कर्नाटक में भाजपा की जीत के उपलक्ष्य में पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित समारोह में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की जीत के लिए मैं राज्य की जनता को हृदय से बधाई देता हूँ कि उन्होंने बड़े मन से कर्नाटक को कांग्रेस-मुक्त करने के अभियान को पूरा किया
*********
मैं पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से भाजपा की विजय यात्रा के सारथी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को हृदय से बहुत-बहुत बधाई और साधुवाद देता हूँ क्योंकि उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भी एक आम कार्यकर्ता की भांति कर्नाटक में पार्टी की जीत के लिए अथक परिश्रम करते हुए पार्टी को विजयश्री दिलाने का काम किया
*********
मैं कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष श्री बीएस येदुरप्पा जी एवं उनके नेतृत्व में काम कर रहे लाखों कार्यकर्ताओं को कड़ी लड़ाई को विजय में परिवर्तित करने के लिए भी हार्दिक बधाई देता हूँ
*********
कर्नाटक चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है। मैं कांग्रेस पार्टी को बताना चाहता हूँ कि कर्नाटक की जनता ने उनको 122 से 78 सीटों पर लाकर समेट दिया है, यह कांग्रेस की घोर पराजय है
*********
कांग्रेस के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपनी परम्परागत सीट से 30 हजार से भी अधिक वोटों से हार गए हैं, दूसरी सीट वे केवल 1696 वोटों से ही बचा पाए। सिद्धारमैया सरकार की लगभग आधी कैबिनेट चुनाव हार गई है लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि आखिर किस विश्लेषण के आधार पर कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में अपनी जीत बता रही है
*********
कर्नाटक विधान सभा चुनाव ने लोकतंत्र में भरोसा रखने वाली आम जनता के माध्यम से अनैतिक तरीके से चुनाव जीतने वाले लोगों को संदेश दिया है कि आप भले ही कितने ही गलत तरीकों का उपयोग करें लेकिन जब जनता तय कर लेती है तो हरा कर रहती है
*********
मोदी सरकार ने लोकतंत्र के मायने बदल दिए और यह सिद्ध कर दिखाया कि गरीबों की चिंता करने वाली एक लोक-कल्याणकारी सरकार कैसे काम करती है। मोदी सरकार ने देश से गरीबी को हटाने का सार्थक प्रयास करते हुए गरीबों को सशक्त बनाने की पहल की है
*********
मैं देश की जनता को बताना चाहता हूँ कि आजादी के बाद देश में जितने भी चुनाव हुए, उन सभी चुनावों में सबसे ज्यादा अनैतिक तरीके से कांग्रेस ने कर्नाटक में चुनाव लड़ा
*********
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से कांग्रेस ने जातियों को बांटने की राजनीति की शुरुआत की और कर्नाटक में भी कांग्रेस जाति के आधार पर राजनीति करने से बाज नहीं आई
*********
मनी पावर और मसल पावर का जो दुरुपयोग कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव में किया, वैसे हमने कभी नहीं देखा। कांग्रेस के फर्जी आई कार्ड और फर्जी वोटर के कांग्रेस के खेल का भी पर्दाफ़ाश हुआ लेकिन इतना सब होने के बावजूद कर्नाटक की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया
*********
पिछली बार के विधान सभा चुनाव में हमें केवल 40 सीटें मिली थीं जो अब 104 हो गई है, साथ ही वोट प्रतिशत भी 19% से बढ़ कर लगभग 37% हो गया है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री जी के संदेश, मोदी सरकार की उपलब्धियों और कर्नाटक भाजपा के घोषणापत्र को राज्य के घर-घर तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों के जीवन-स्तर में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उसे ऊपर उठाने का काम किया है
*********
भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आने वाले सभी चुनाव और 2019 का लोक सभा चुनाव इससे भी ज्यादा बहुमत के साथ जीतने जा रही है
*********
2019 में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार तो बनायेगी ही, साथ ही, मोदी सरकार की विकास यात्रा के माध्यम से 2022 में ‘न्यू इंडिया' की परिकल्पना को भी साकार करने के लिए भाजपा कृतसंकल्पित है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ‘अंत्योदय' के सिद्धांत पर देश के विकास के पथ पर अग्रसर है। हमारा मुख्य लक्ष्य विकास की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को प्रथम पंक्ति में लाना है
*********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कर्नाटक में भाजपा की विजय के उपलक्ष्य में आज पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित किया और कर्नाटक विजय के आज के दिन को बहुत ही शुभ और महत्वपूर्ण दिन करार दिया।
कर्नाटक की जनता को हार्दिक बधाई देते हुए श्री शाह ने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता को हृदय से बधाई देता हूँ कि उन्होंने बड़े मन से कर्नाटक को कांग्रेस-मुक्त करने के अभियान को पूरा किया। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से भाजपा की विजय यात्रा के सारथी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को हृदय से बहुत-बहुत बधाई और साधुवाद देता हूँ क्योंकि उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भी एक आम कार्यकर्ता की भांति कर्नाटक में पार्टी की जीत के लिए अथक परिश्रम करते हुए पार्टी को विजयश्री दिलाने का काम किया। उन्होंने कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष श्री बीएस येदुरप्पा जी एवं उनके नेतृत्व में काम कर रहे लाखों कार्यकर्ताओं को कड़ी लड़ाई को विजय में परिवर्तित करने के लिए भी हार्दिक बधाई दी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद से देश के हर कोने में मोदी जी की विकास यात्रा को जनता-जनार्दन का लगातार आशीर्वाद एवं अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और इसके फलस्वरूप हम मोदी सरकार में 15वें विधानसभा चुनाव को जीतने में सफल हुए हैं।
श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है। उन्होंने कहा कि हम बहुमत के आंकड़े से केवल 7 सीटें दूर क्या रह गए कि कांग्रेसी नेताओं की बांछें खिल गई। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को बताना चाहता हूँ कि कर्नाटक की जनता ने उनको 122 से 78 सीटों पर लाकर समेट दिया है, यह कांग्रेस की घोर पराजय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपनी परम्परागत सीट से 30 हजार से भी अधिक वोटों से हार गए हैं, दूसरी सीट वे केवल 1,696 वोटों से ही बचा पाए। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया सरकार की लगभग आधी कैबिनेट चुनाव हार गई है लेकिन कांग्रेस को यह जीत लगती है, मुझे समझ नहीं आता कि आखिर किस विश्लेषण के आधार पर कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में अपनी जीत बता रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं देश की जनता को बताना चाहता हूँ कि आजादी के बाद देश में जितने भी चुनाव हुए, उन सभी चुनावों में सबसे ज्यादा अनैतिक तरीके से कांग्रेस ने कर्नाटक में चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि पहले तो कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति करते हुए SDPI और PFI जैसे संगठनों के साथ गठबंधन किया जिनसे देश की सुरक्षा को ख़तरा है। दूसरा यह कि कांग्रेस ने लिंगायत को अलग धर्म का प्रस्ताव देने का कार्ड खेला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से कांग्रेस ने जातियों को बांटने की राजनीति की शुरुआत की और कर्नाटक में भी कांग्रेस जाति के आधार पर राजनीति करने से बाज नहीं आई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान यह भी दुष्प्रचार किया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने एससी/एसटी एक्ट को रद्द कर दिया है जबकि ऐसी कोई बात ही नहीं थी। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी, यदि आप भी एससी/एसटी एक्ट को रद्द करना चाहेंगे, तब भी भाजपा आपको ऐसा नहीं करने देगी।
श्री शाह ने कहा कि मनी पावर और मसल पावर का जो दुरुपयोग कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव में किया, वैसे हमने कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि ढेर सारे फर्जी आई कार्ड बनाए गए, फर्जी वोटर बनाए गए और छापा पड़ने पर हजारों फर्जी वोटर आई कार्ड पकड़े गए। उन्होंने कहा कि जांच में इसके पीछे कांग्रेस की साजिश का पता चला, कांग्रेस के विधायक व काउंसिलर पर केस दर्ज किया गया और चुनाव आयोग को भी उस सीट पर चुनाव स्थगित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इतना सब होने के बावजूद कर्नाटक की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा करते हुए हमने स्वीकार किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार के विधान सभा चुनाव में हमें केवल 40 सीटें मिली थीं जो अब 104 हो गई है, साथ ही वोट प्रतिशत भी 19% से बढ़ कर लगभग 37% हो गया है और हम बहुमत के काफी नजदीक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधान सभा चुनाव ने लोकतंत्र में भरोसा रखने वाली आम जनता के माध्यम से अनैतिक तरीके से चुनाव जीतने वाले लोगों को संदेश दिया है कि आप भले ही कितने ही गलत तरीकों का उपयोग करें लेकिन जब जनता तय कर लेती है तो हरा कर रहती है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री जी के संदेश, मोदी सरकार की उपलब्धियों और कर्नाटक भाजपा के घोषणापत्र को राज्य के घर-घर तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि खुद प्रधानमंत्री जी ने कर्नाटक के कोने-कोने में जनता के साथ सीधा संवाद किया और इसके फलस्वरूप हमें यह अभूतपूर्व जीत प्राप्त हुई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों के जीवन-स्तर में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उसे ऊपर उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब परिवारों के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया, शौचालयों का निर्माण किया, मुद्रा योजना के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर दिए, टीकाकरण का अभियान चलाया और उन्हें अंधकार से निजात दिलाई। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी देश की लगभग एक चौथाई आबादी इस बात की राह देख रही थी कि देश को आजादी तो कब की मिल चुकी, लेकिन हमें इसका लाभ कब मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोकतंत्र के मायने बदल दिए और यह सिद्ध कर दिखाया कि गरीबों की चिंता करने वाली एक लोक-कल्याणकारी सरकार कैसे काम करती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश से गरीबी को हटाने का सार्थक प्रयास करते हुए गरीबों को सशक्त बनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा अनवरत जारी है और अब यह विजय रथ रुकने वाला नहीं है ।
श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आने वाले सभी चुनाव और 2019 का लोक सभा चुनाव इससे भी ज्यादा बहुमत के साथ जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि 2019 में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार तो बनायेगी ही, साथ ही, मोदी सरकार की विकास यात्रा के माध्यम से 2022 में ‘न्यू इंडिया' की परिकल्पना को भी साकार करने के लिए भाजपा कृतसंकल्पित है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ‘अंत्योदय' के सिद्धांत पर देश के विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य विकास की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को प्रथम पंक्ति में लाना है। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने एक बार फिर से कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की जीत के लिए कर्नाटक की जनता और पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।