Press, Share | Jul 09, 2016
Saturday, 09 July 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह द्वारा मऊ, उत्तर प्रदेश में आयोजित विशाल रैली में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में पूरे देश में विकास का एक रथ चला है लेकिन यह रथ उत्तर प्रदेश में आकर अटक गया है क्योंकि यहाँ की सपा सरकार राज्य का विकास नहीं होने देना चाहती: अमित शाह
*******
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी जी उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाना चाहते हैं लेकिन बीच में राज्य की सपा सरकार आड़े आ जाती है: अमित शाह
*******
सपा और बसपा उत्तर प्रदेश के विकास के लिए राहु और केतु हैं, जब तक उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा रूपी राहु-केतु मौजूद हैं, तब तक प्रदेश के विकास की आशा नहीं रखी जा सकती: अमित शाह
*******
पहली बार, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में किसी सरकार ने देश में गरीबों के लिए काम करना शुरू किया है: अमित शाह
*******
बहनजी ने बहुजन समाज पार्टी को दलितों और पिछड़ों के नाम से नोट छापने की मशीन बनाकर रख दिया है: अमित शाह
*******
बहनजी समाजवादी सरकार को नहीं हरा सकती है, उत्तर प्रदेश से यदि सपा सरकार को हटाना है तो सबको एक साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के साथ आना होगा: अमित शाह
*******
यूपी के विकास के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार की तुलना में प्रति वर्ष लगभग एक लाख करोड़ रुपये अधिक दिया है लेकिन इसके बावजूद राज्य में विकास का कोई काम नहीं हुआ है: अमित शाह
*******
हम जाति अथवा धर्म के आधार पर विकास नहीं करते बल्कि हम ‘सबका साथ - सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करते हुए सबके कल्याण की बात करते हैं: अमित शाह
*******
यदि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देना है, पूर्वी यूपी से युवाओं के पलायन को रोकना है तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी पड़ेगी: अमित शाह
*******
लगभग 65 वर्षों तक कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने देश पर शासन किया, सपा-बसपा ने भी लगभग 20 वर्षों तक उत्तर प्रदेश में शासन किया लेकिन राज्य के गरीबों के लिए कुछ नहीं किया: अमित शाह
*******
महाराजा सुहेल देव ने न केवल विदेशी आक्रमणकारियों से देश की रक्षा की बल्कि उन्होंने धर्म की भी रक्षा की: अमित शाह
*******
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने आज शनिवार को मऊ, उत्तर प्रदेश में भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को सम्बोधित किया और राज्य की जनता से उत्तर प्रदेश के विकास के लिए प्रदेश की अराजक और भ्रष्टाचारी सपा सरकार को जड़ से उखाड़कर भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की पूर्ण बहुमत की एक लोकप्रिय एवं विकासोन्मुख सरकार बनाने की अपील की। महाराजा सुहेल देव की धरती को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेल देव ने न केवल विदेशी आक्रमणकारियों से देश की रक्षा की बल्कि उन्होंने धर्म की भी रक्षा की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में पूरे देश में विकास का एक रथ चला है लेकिन यह रथ उत्तर प्रदेश में आकर अटक गया है क्योंकि यहाँ की सपा सरकार राज्य का विकास नहीं होने देना चाहती। उन्होंने कहा कि लगभग 65 वर्षों तक कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने देश पर शासन किया लेकिन देश के गरीबों के लिए उन्होंने कुछ भी नहीं किया, सपा-बसपा ने भी लगभग 20 वर्षों तक उत्तर प्रदेश में शासन किया लेकिन राज्य के गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी जी के नेतृत्त्व में सत्ता में आते ही भाजपा सरकार ने जन-धन योजना के माध्यम से देश के बैंकों के दरवाजे गरीबों के लिए खोले, उज्ज्वला योजना के माध्यम से देश की गरीब माताओं के आंसू पोंछते हुए फ्री में गैस कनेक्शन देने की शुरुआत की और विकास को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अगले तीन वर्षों में देश भर के पांच करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है जबकि अकेले उत्तर प्रदेश में चार लाख से अधिक घरों में मुफ्त गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पहली बार, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में किसी सरकार ने देश में गरीबों के लिए काम करना शुरू किया है।
श्री शाह ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं के पसीने से देश समृद्ध हुआ है लेकिन आज यहाँ के युवा रोजगार के लिए राज्य से पलायन करने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार देने का काम सपा और बसपा नहीं कर सकती, यह केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से मोदी जी ने देश के करोड़ों युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। जनता से अपील करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की सरकार बनाकर मोदी जी के हाथों को मजबूत कीजिये, हम राज्य में विकास की बयार लायेंगें।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास के लिए चाहे कितने पैसे क्यों न भेजे जाएँ, यहाँ विकास का कोई काम नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यूपी के विकास के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश की अखिलेश सरकार को कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार की तुलना में प्रति वर्ष लगभग एक लाख करोड़ रुपये अधिक दिया है लेकिन इसके बावजूद उत्तर प्रदेश में विकास का कोई काम नहीं हुआ है, राज्य की जनता अभी भी सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। प्रदेश की अखिलेश सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी की समाजवादी सरकार तो नौकरी देने में भी जाति पूछती है। उन्होंने कहा कि हम जाति अथवा धर्म के आधार पर विकास नहीं करते बल्कि हम ‘सबका साथ - सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करते हुए सबके कल्याण की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देना है, पूर्वी यूपी से युवाओं के पलायन को रोकना है तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी पड़ेगी।
मायावती पर कड़ा प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांशीराम जी से कई मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं लेकिन उनका मन साफ़ था और उनका मकसद पिछड़ों का कल्याण था लेकिन बहनजी ने बहुजन समाज पार्टी को दलितों और पिछड़ों के नाम से नोट छापने की मशीन बनाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि बहनजी समाजवादी सरकार को नहीं हरा सकती है, उत्तर प्रदेश से यदि सपा सरकार को हटाना है तो सबको एक साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के साथ आना होगा। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में साढ़े तीन मुख्यमंत्री हैं, जहां साढ़े तीन मुख्यमंत्री हो, वहां विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा उत्तर प्रदेश के विकास के लिए राहु और केतु हैं, जब तक उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा रूपी राहु-केतु मौजूद हैं, तब तक प्रदेश के विकास की आशा नहीं रखी जा सकती।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी जी उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाना चाहते हैं लेकिन प्रदेश के विकास के बीच में राज्य की सपा सरकार आड़े आ जाती है। राज्य की जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि 2017 के चुनाव में आप उत्तर प्रदेश से सपा सरकार को उखाड़ फेंक कर राज्य में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की सरकार बनाते हैं और मोदी जी के हाथों को मजबूत करते हैं तो अगले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का सबसे समृद्ध राज्य बन सकेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और भारतीय समाज पार्टी को मिलकर उत्तर प्रदेश को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।