SALIENT POINTS OF SPEECH : BJP NATIONAL PRESIDENT, SHRI AMIT SHAH ADDRESSING A PUBLIC PROGRAMME ON THE OCCASION OF 50 YRS OF PUNJAB STATE FORMATION AT RANJEET AVENUE GROUND, AMRITSAR (PUNJAB)

Press, Share | Nov 01, 2016

Tuesday, 01 November 2016

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा पंजाब की स्थापना के स्वर्ण जयंती महोत्सव में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु

पंजाब की स्थापना के स्वर्ण जयंती अवसर पर वीरों, गुरुओं व संतों की इस पावन धरती को नमन करते हुए मैं अपनी ओर से एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ओर से राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूँ: अमित शाह
*******
10 साल तक केंद्र में यूपीए की जो सोनिया-मनमोहन की सरकार चली, उस दौरान हर कोई देश की सीमाओं को अपमानित करके चला जाता था, मोदी सरकार के ढ़ाई वर्षों में यह नजारा बदला है: अमित शाह
*******
आज पूरी दुनिया को मालूम पड़ा है कि हिंदुस्तान की सीमा से छेड़खानी नहीं कर सकते, अगर ऐसा किया तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा: अमित शाह
*******
यह एक सुखद संयोग है कि पंजाब जिस वर्ष अपनी स्थापना का स्वर्ण जयंती समारोह मना रहा है, उसी वर्ष गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश उत्सव भी आ रहा है, केंद्र सरकार और भाजपा इस वर्ष को गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति वर्ष के रूप में मनाने के लिए विशेष प्रयास करेगी: अमित शाह
*******
आजादी के बाद देश के किसानों के लिए सबसे ज्यादा काम करने वाली यदि कोई सरकार बनी है तो वह भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार है: अमित शाह
*******
कृषि, उद्योग, ग्रामीण विकास, रोजगार, अर्बन डेवलपमेंट या फिर स्वास्थ्य सेवाओं की बात हो, हर क्षेत्र में, हर दृष्टि से इन 10 वर्षों में पंजाब को एक आदर्श सूबा बनाने का काम अकाली-भाजपा गठबंधन ने किया है: अमित शाह
*******
देश में खाद्यान्न की कमी को पूरा करने के लिए जब हरित क्रांति की शुरुआत हुई तो पूरे देश के अनाज के भंडार भरने का काम भी पंजाब के किसानों ने ही किया था। पंजाब के बगैर अन्न के क्षेत्र में देश की स्वायत्तता की कल्पना भी नहीं की जा सकती: अमित शाह
*******
पंजाब भारत का जिगर है। प्राचीन काल से ही पंजाब की देश और धर्म की रक्षा के लिए शहादत व बलिदान की महान परम्परा रही है: अमित शाह
*******
चाहे 1965 की लड़ाई हो, चाहे 1971 की लड़ाई हो, चाहे कारगिल की लड़ाई हो या फिर चाहे आज आतंकवाद से लड़ाई हो, पंजाब कभी भी बलिदान देने से पीछे नहीं हटा: अमित शाह
*******
सरदार भगत सिंह, उधम सिंह, लाला लाजपत राय, मदन लाल धींगरा जैसे कई वीर युवाओं ने देश के लिए बलिदान दिया: अमित शाह
*******
हम जहां एक ओर पंजाब के युवाओं के बलिदान पर गर्व करते हैं, देश की सीमा की सुरक्षा में लगे पंजाब के वीर जवानों के साहस व शौर्य पर गर्व करते हैं, हरित क्रान्ति में पंजाब की भूमिका पर गर्व करते हैं, वहीं दूसरी ओर पंजाब के युवाओं को नशेड़ी कहने वाले लोग पंजाब का मैंडेट लेने के लिए आये हैं: अमित शाह
*******
जो लोग पंजाब की युवा शक्ति पर गर्व नहीं कर सकते, पंजाब की वीरता पर गर्व नहीं कर सकते, किसानों के पसीने पर जिनको अभिमान नहीं है, उनको पंजाब का वोट लेने का कोई अधिकार नहीं है : अमित शाह
*******

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज, मंगलवार को अमृतसर में पंजाब की स्थापना के स्वर्ण जयंती महोत्सव में भाग लिया। इस महोत्सव में बोलते हुए उन्होंने देश के विकास एवं देश की सुरक्षा में हर हमेशा अपना महत्त्वपूर्ण योगदान देने के लिए पंजाब की व पंजाब के युवाओं की जमकर सराहना की। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री व एनडीए के संयोजक श्री प्रकाश सिंह बादल, भाजपा के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंध कमिटी के प्रधान, जत्थेदार अवतार सिंह जी, अकाली दल एवं भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

वीरों की भूमि, गुरुओं की भूमि व संतों की भूमि पंजाब को नमन करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने सबसे पहले पंजाब की स्थापना के स्वर्ण जयंती अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि पंजाब का नाम लेते ही गुरु गोबिंद सिंह जी का स्मरण हो आता है। उन्होंने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि पंजाब जिस वर्ष अपनी स्थापना का स्वर्ण जयंती समारोह मना रहा है, उसी वर्ष गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश उत्सव भी आ रहा है, यह हम सब के लिए बड़े हर्ष की बात है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने तय किया है कि इस वर्ष को गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति वर्ष के रूप में मनाने के लिए विशेष प्रयास करेगी। साथ ही, भारतीय जनता पार्टी ने भी यह निश्चय किया है कि देश के हर तहसील में, हर मंडल में भाजपा गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश उत्सव को बड़े सम्मान व श्रद्धा के साथ मनायेगी और पूरे देश में उनकी वीरता एवं उनकी आध्यात्मिक ज्ञानज्योति का गुणगान करेगी।

श्री शाह ने कहा कि पंजाब भारत का जिगर है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही पंजाब की देश और धर्म की रक्षा के लिए शहादत व बलिदान की महान परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि सिक्ख गुरुओं ने त्याग और बलिदान की इस परम्परा की शुरुआत की पंजाब की जनता ने उस को बड़े गौरव के साथ आज तक संभाल कर रखा है। उन्होंने कहा कि चाहे 1965 की लड़ाई हो, चाहे 1971 की लड़ाई हो, चाहे कारगिल की लड़ाई हो, चाहे आज आतंकवाद से लड़ाई हो, पंजाब कभी भी बलिदान देने से पीछे नहीं हटा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश की रक्षा के लिए शहीदों की सूची उठा कर देखें तो पता चलता है कि पंजाब सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि कालापानी की सजा पाने वालों में भी पंजाबी सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार भगत सिंह, उधम सिंह, लाला लाजपत राय, मदन लाल धींगरा जैसे कई वीर युवाओं ने देश के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जब देश खाद्यान्न के सबसे बड़े संकट से जूझ रहा था और देश में खाद्यान्न की कमी को पूरा करने के लिए जब हरित क्रांति की शुरुआत हुई तो पूरे देश के अनाज के भंडार भरने का काम भी पंजाब के किसानों ने ही किया था। उन्होंने कहा कि पंजाब के बगैर अन्न के क्षेत्र में देश की स्वायत्तता की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

श्री शाह ने कहा कि 2014 में केंद्र में श्री नरेन्द्र भाई मोदी जी की जो सरकार बनी, उसने देश के विकास व देश के गौरव के लिए बहुत सारे कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के किसानों के लिए सबसे ज्यादा काम करने वाली यदि कोई सरकार बनी है तो वह भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के गरीबों, पिछड़ों व दलितों के लिए कई नई-नई योजनाएं शुरू की हैं, हर 15 दिन में औसतन एक नई योजना शुरू हुई है और इन योजनाओं को नीचे तक पहुंचाया गया है जिसके कारण आज देश में विकास का परिवर्तन दिखाई दे रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 10 साल तक केंद्र में यूपीए की जो सोनिया-मनमोहन की सरकार चली, उस दौरान हर कोई देश की सीमाओं को अपमानित करके चला जाता था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के ढ़ाई वर्षों में यह नजारा बदला है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया को मालूम पड़ा है कि हिंदुस्तान की सीमा से छेड़खानी नहीं कर सकते, अगर ऐसा किया तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

श्री शाह ने कहा कि चाहे कृषि की बात हो, चाहे उद्योग की बात हो, चाहे ग्रामीण विकास की बात हो, चाहे रोजगार की बात हो, चाहे अर्बन डेवलपमेंट की बात हो, चाहे स्वास्थ्य सेवाओं की बात हो, हर क्षेत्र में, हर दृष्टि से इन 10 वर्षों में पंजाब को एक आदर्श सूबा बनाने का काम अकाली-भाजपा गठबंधन ने किया है। उन्होंने कहा कि इसी स्वर्ण जयंती वर्ष में पंजाब में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं जहां पंजाब की जनता को एक बार फिर अगले पांच वर्षों के लिए पंजाब के भाग्य का फैसला करना है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो तीन दशकों से एकजुट व एकरस हो दोस्ती के साथ पंजाब के विकास के लिए काम करने वाली अकाली-भाजपा गठबंधन है तो दूसरी तरफ कांग्रेस और कुछ नई पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर हम पंजाब के युवाओं के बलिदान पर गर्व करते हैं, देश की आजादी के आंदोलन में पंजाब के योगदान पर गर्व करते हैं, देश की सीमा की सुरक्षा में लगे पंजाब के वीर जवानों के साहस व शौर्य पर गर्व करते हैं, हरित क्रान्ति में पंजाब की भूमिका पर गर्व करते हैं, दूसरी ओर पंजाब के युवाओं को नशेड़ी कहने वाले लोग पंजाब का मैंडेट लेने के लिए आये हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब की युवा शक्ति पर गर्व नहीं कर सकते, पंजाब की वीरता पर गर्व नहीं कर सकते, किसानों के पसीने पर जिनको अभिमान नहीं है, उनको पंजाब का वोट लेने का कोई अधिकार नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में भी भाजपा-अकाली दल की सरकार है, पंजाब में भी अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार है और इन ढ़ाई वर्षों में नरेन्द्र मोदी सरकार ने, अरुण जी ने पंजाब में विकास के मार्ग की सारी बाधाओं को हटा दिया है, यदि पांच साल का मैंडेट और मिल जाय तो निश्चित रूप से पंजाब पूरी दुनिया में देखने लायक प्रदेश बन जाएगा, इसमें कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का भी स्थापना दिवस है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी छत्तीसगढ़ और हरियाणा गए हैं, मैं प्रधानमंत्री जी की ओर से पंजाब के सभी लोगों को स्वर्ण जयंती महोत्सव की बहुत-बहुत बधाई देता हूँ और राज्य की जनता को यह विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि पिछले चुनावों की तरह ही अकाली-भाजपा गठबंधन फिर से एकजुट होकर इस जंग को भी जीतेगी और विकास करने वाली भाजपा-अकाली सरकार प्रदेश में लायेगी।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: