SALIENT POINTS OF SPEECH BY BJP PRESIDENT, SHRI AMIT SHAH AT BANGALORE

Press, Share | Apr 18, 2018

18 April 2018

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा बेंगलुरु में आयोजित शक्ति-केंद्र प्रमुखों के कन्वेंशन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

मक्का मस्जिद ब्लास्ट में कोर्ट के निर्णय से यह साफ़ हो गया कि सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने दुनिया में देश को बदनाम करने के लिए सैफ्रन टेरर और हिंदू आतंकवाद की साजिश रची थी
*********
एक महान संस्कृति जो लाखों वर्षों से दुनिया को सभ्यता, शांति और संस्कार का संदेश देती आई है, उसको टेररिज्म से जोड़ने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है
*********
देश को बदनाम करने की कांग्रेस की इस साजिश के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, सलमान खुर्शीद जैसे उन सभी कांग्रेस नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि इन्होंने देश और दुनिया को हिंदू टेरर और भगवा आतंकवाद के नाम से गुमराह किया है
*********
राहुल गांधी ने खुद 20 जुलाई 2010 को अमेरिकी राजदूत के सामने भगवा आतंकवाद की झूठी कहानी गढ़ी थी और पाकिस्तानी उग्रवादी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा से भी बड़ा ख़तरा हिंदुओं को बताया था जिसका खुलासा विकिलीक्स ने 16 दिसंबर 2010 को किया
*********
पी चिदंबरम ने 25 अगस्त 2010 को, सुशील कुमार शिंदे ने 20 जनवरी 2013 को और सलमान खुर्शीद ने 22 जनवरी 2013 को सैफ्रन टेरर अथवा भगवा आतंकवाद की परिभाषा गढ़ी थी। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी 10 जनवरी 2018 को हिंदू टेरर का राग अलापा था
*********
पार्टी कार्यकर्ता मोदी सरकार के विकास कार्यों के साथ - साथ इस मुद्दे को भी लेकर राज्य की जनता के पास ले जायें और जनता को बतायें कि सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने किस तरह से फर्जी केस बना कर अनेक लोगों को जेल में डाल दिया था
*********
भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक गरीब चाय बेचने वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक बूथ अध्यक्ष पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष
*********
नरेन्द्र मोदी सरकार ने इन चार सालों में कांग्रेस की चार पीढ़ी की सरकारों से ज्यादा काम किया है, कर्नाटक की जनता कांग्रेस से उनकी चार पीढ़ियों के काम का हिसाब मांग रही है। पार्टी सिद्धारमैया सरकार से केंद्र द्वारा 14वें वित्त आयोग में दिए गए 2,19,506 करोड़ रुपये का भी हिसाब मांगती है
*********
भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय यात्रा के अधिकारी निस्संदेह रूप से पार्टी के कार्यकर्ता हैं जो विषम परिस्थितियों में भी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्पित रहते हैं
*********
2014 के लोक सभा चुनाव के बाद से देश में हुए लगभग सभी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है और कांग्रेस पार्टी की हार हुई है, अब कर्नाटक की बारी है। कर्नाटक से भी कांग्रेस जाने वाली है और श्री येदुरप्पा जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार आने वाली है
*********
कर्नाटक में भाजपा सरकार बनना अति आवश्यक है क्योंकि सिद्धारमैया सरकार के कार्यकाल के दौरान बदहाल क़ानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और विकास में लापरवाही ने राज्य को बर्बाद कर दिया
*********
देश में जहां-जहां कांग्रेस आती है, वहां किसानों की आत्महत्या बढ़ती है और जहां भाजपा आती है, वहां किसान खुशहाल होते हैं। सिद्धारमैया सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य में 3500 से अधिक किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए
*********
सिद्धारमैया सरकार के कार्यकाल में हमारे 24 से अधिक कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या कर दी गई और कांग्रेस सरकार ने हत्यारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की
*********
सिद्धारमैया जी, यदि आप हिंसा के जरिये हमारी आवाज को दबाना चाहते हैं और हत्यारों को बचाना चाहते हैं तो सुन लीजिये, आप हत्यारों को बचाने की कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा
*********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज गायत्री विहार पैलेस ग्राउंड, बेंगलुरु में राज्य के 28 विधान सभा क्षेत्रों से आये शक्ति-केंद्र प्रमुखों के कन्वेंशन को संबोधित किया और राज्य की जनता से भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति की प्रतीक सिद्धारमैया सरकार को उखाड़ कर श्री येदुरप्पा के नेतृत्व में विकास के प्रति समर्पित भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया। इससे पहले उन्होंने बसव जयंती के उपलक्ष्य में महान समाज सुधारक जगतज्योति भगवान् बसवेश्वर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात् वे भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र के लिए राज्य की जनता का विचार जानने के क्रम में बेंगलुरु में दो बुद्धिजीवियों के घर गए और विभिन्न मुद्दों पर उनके विचार जाने।

मक्का मस्जिद ब्लास्ट मामले में आये कोर्ट के निर्णय पर कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि अभी दो दिन पहले कोर्ट के एक निर्णय में मक्का मस्जिद ब्लास्ट में सभी आरोपी निर्दोष करार दिए गए। उन्होंने कहा कि यह वही मामला है जिसे कांग्रेस ने भगवा टेरर और हिंदू आतंकवाद के नाम से देश को बदनाम करने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि जो ब्लास्ट के असली गुनाहगार थे, उसे छोड़ दिया गया और निर्दोष लोगों को पकड़ा गया, देश चुपचाप देखता रहा। उन्होंने कहा कि इतने सालों की जांच के बाद अदालत ने पाया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ कोई केस नहीं बनता, ये सभी निर्दोष हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्णय से यह साफ़ हो गया है कि मक्का मस्जिद ब्लास्ट मामले में सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने दुनिया में देश को बदनाम करने के लिए सैफ्रन टेरर और हिंदू आतंकवाद की साजिश रची। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक कांग्रेस पार्टी दुनिया के मंचों पर भगवा टेरर और हिंदू टेरर रटते रहे और देश को दुनिया भर में बदनाम करते रहे। उन्होंने कहा कि देश को बदनाम करने की इस शर्मसार करने वाली साजिश के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार भगवा आतंकवाद और हिंदू टेरर के राग अलापती रही और अब कोर्ट के निर्णय के बाद कांग्रेस कहती है कि हमने कभी भी भगवा टेरर और हिंदू आतंकवाद को लेकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि राहुल गांधी ने खुद 20 जुलाई 2010 को अमेरिकी राजदूत के सामने देश के लिए पाकिस्तानी उग्रवादी संगठन लक्षकर-ए-तैय्यबा से भी बड़ा ख़तरा हिंदुओं को बताया था जिसका खुलासा विकिलीक्स ने 16 दिसंबर 2010 को किया। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, गृहमंत्री पद पर रहते हुए पी चिदंबरम ने 25 अगस्त 2010 को, तत्कालीन गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने 20 जनवरी 2013 को और तत्कालीन विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने 22 जनवरी 2013 को सैफ्रन टेरर अथवा भगवा आतंकवाद की परिभाषा गढ़ी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने तो अनेकों बार इस शब्द से देश को और हिन्दुओं को अपमानित किया था। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी 10 जनवरी 2018 को हिंदू टेरर का राग अलापा था।

श्री शाह ने कहा कि एक महान संस्कृति जो लाखों वर्षों से दुनिया को सभ्यता, शांति और संस्कार का संदेश देती आई है, उसको टेररिज्म से जोड़ने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि जब मक्का मस्जिद ब्लास्ट में निर्दोष बेगुनाहों को पकड़ा गया था, हम सब चुप रहे थे क्योंकि कोर्ट में केस चल रहा था और भारत की न्याय प्रक्रिया में हमारा पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि अब जबकि कोर्ट ने अपना फैसला दे दिया है और उन्हें निर्दोष करार देते हुए बरी कर दिया है, तब कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी, पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे जैसे कांग्रेस के उन सभी नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए जिन्होंने देश और दुनिया को भगवा आतंकवाद, हिंदू आतंकवाद और सैफ्रन टेरर के नाम से गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि मैं इस मुद्दे पर पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी आह्वान करना चाहता हूँ कि आप मोदी सरकार के विकास कार्यों के साथ - साथ इस मुद्दे को भी लेकर राज्य की जनता के पास जाइए और उन्हें बताइये कि सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने किस तरह से फर्जी केस बना कर अनेक लोगों को जेल में डाल दिया था।

पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बोलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय यात्रा के अधिकारी निस्संदेह रूप से पार्टी के कार्यकर्ता हैं जो विषम परिस्थितियों में भी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्पित रहते हैं। उन्होंने त्रिपुरा, मणिपुर और असम का उदाहरण देते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और बूथ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर ही इन राज्यों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की त्याग, तपस्या और लगन का ही परिणाम है कि 10 सदस्यों से शुरू हुई पार्टी आज 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि आज 330 से अधिक सांसदों के साथ देश में पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार है, हमारे 1600 से अधिक विधायक हैं, 20 राज्यों में हमारी सरकारें हैं जो अहर्निश जनता की सेवा में लगी हुई हैं और इसका संपूर्ण यश मोदी जी के नेतृत्व और पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक गरीब चाय बेचने वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक बूथ अध्यक्ष पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष।

श्री शाह ने कहा कि 2014 के लोक सभा चुनाव के बाद से देश में हुए लगभग सभी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है और कांग्रेस पार्टी की हार हुई है, अब कर्नाटक की बारी है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से भी कांग्रेस जाने वाली है और श्री येदुरप्पा जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार आने वाली है। उन्होंने कहा कि एक बार कर्नाटक में कमल खिल गया तो आंध्र प्रदेश, तमिल नाडु, तेलंगाना और केरल - इन चारों राज्यों में भी कमल खिलने से कोई नहीं रोक सकता और इसकी जिम्मेदारी कर्नाटक की जनता की है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना अति आवश्यक है क्योंकि सिद्धारमैया सरकार के कार्यकाल के दौरान बदहाल क़ानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और विकास में लापरवाही ने राज्य को बर्बाद कर दिया जबकि सिद्धारमैया सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त रही। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के दवाब में आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में भारी वृद्धि हुई है, विकास ठप्प है और सिद्धारमैया 40 लाख की घड़ी पहने भ्रष्टाचार के आरोपों को मैडल की तरह लटकाए हुए घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता सिद्धारमैया सरकार से तंग आ चुकी है और वह अब राज्य की कांग्रेस सरकार से पूर्ण मुक्ति चाहती है।

श्री शाह ने कहा कि सिद्धारमैया सरकार के पांच सालों में कर्नाटक में किसानों की स्थिति और दयनीय हुई है, किसानों को उनकी फसलों के उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया सरकार की गलत नीतियों के कारण ही राज्य में 3500 से अधिक किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए लेकिन सिद्धारमैया सरकार के माथे पर जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में बनने वाली भाजपा की येदुरप्पा सरकार किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करेगी। उन्होंने कहा कि देश में जिन-जिन राज्यों में हमारी सरकारें हैं, वहां किसानों की आत्महत्या की दर काफी कम है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी वर्तमान भाजपा सरकार में कांग्रेस की पिछली सरकार की तुलना में किसानों की आत्महत्या में लगभग 30% की कमी आई है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा मतलब है कि जहां कांग्रेस आती है, वहां किसानों की आत्महत्या बढ़ती है और जहां भाजपा आती है, वहां किसान खुशहाल होते हैं।

कर्नाटक में भाजपा एवं संघ के कार्यकर्ताओं की हत्या एवं उन पर हो रहे हिंसक हमलों पर सिद्धारमैया सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सिद्धारमैया सरकार के कार्यकाल में हमारे 24 से अधिक कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या कर दी गई और कांग्रेस सरकार ने हत्यारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को चुनौती देते हुए कहा कि आप यदि हिंसा के जरिये हमारी आवाज को, हमारे विचार को दबाना चाहते हैं और हत्यारों को बचाना चाहते हैं तो सुन लीजिये, आप हत्यारों को बचाने की कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें, लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा, आप दोषियों को बचा नहीं सकते।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने इन चार सालों में कांग्रेस की चार पीढ़ी की सरकारों से ज्यादा काम किया है, कर्नाटक की जनता कांग्रेस से उनके चार पीढ़ी के काम का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से विकास में कांग्रेस से अनेकों कदम आगे रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कर्नाटक के विकास के लिए किसी एक केंद्र सरकार ने 4 साल में यदि सबसे ज्यादा काम किया है तो मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान 13वें वित्त आयोग में सेन्ट्रल शेयर के रूप में कर्नाटक को केवल 88,583 करोड़ रुपये की सहायता मिलती थी जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने कर्नाटक को 2,19,506 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो कांग्रेस की यूपीए सरकार की तुलना में ढाई गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मुद्रा योजना में 39,400 करोड़, स्मार्ट सिटी में 960 करोड़, अमृत मिशन के लिए 4953 करोड़, स्वच्छ भारत अभियान के लिए 204 करोड़, अर्बन ट्रांसपोर्टेशन के लिए 239 करोड़, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के लिए 405 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 290 करोड़, बेंगलुरु मेट्रो के लिए 2,617 करोड़, रेलवे के विकास के लिए 2,197 करोड़ और सड़कों के निर्माण के लिए 27,482 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।

भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और पूर्व की येदुरप्पा सरकार द्वारा कर्नाटक के विकास के लिए किये गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने उद्बोधन के आरंभ में उन्होंने जगतज्योति भगवान् बसवेश्वर को भारतीय जनता पार्टी एवं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भगवान् बसवेश्वर का संपूर्ण जीवन मानवता के कल्याण, शिक्षा के अधिकार और सामाजिक कुरीतियों को ख़त्म करने की दिशा में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भगवान् बसवेश्वर ने 12वीं सदी में ‘अनुभव मंडप’ के रूप में दुनिया की पहली संसद स्थापित कर पूरे विश्व को राह दिखाई। उन्होंने कहा कि भगवान् बसवेश्वर का संपूर्ण जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है और हमें उनके दिखाए रास्ते पर मानव कल्याण के लिए सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: