Press, Share | Dec 12, 2016
Monday, 12 December 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में तेरह साल के शासन में छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कर दिया है: श्री अमित शाह
*********
अन्न वितरण प्रणाली के मामले में छत्तीसगढ़ पूरे देश में सबसे शीर्ष पर है: श्री अमित शाह
*********
कांग्रेस ने दिया देश को कालेधन का लकवा, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने नोटबंदी से ऑपरेशन किया : श्री अमित शाह
*********
राहुल गांधी को नहीं दिखते नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक, भ्रष्टाचार विहीन शासन जैसे बड़े कदम, अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं: श्री अमित शाह
*********
मनमोहन सिंह ने किए श्री नरेन्द्र मोदी से ज्यादा विदेशी दौरे लेकिन श्री नरेन्द्र मोदी को ज्यादा प्यार और समर्थन मिला : श्री अमित शाह
*********
भारतीय जनता पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई थी, आज 11 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। : श्री अमित शाह
*********
गुजरात के कच्छ से लेकर असम के कामरूप तक, कश्मीर के लद्दाख से कन्याकुमारी तक हैं भारतीय जनता पार्टी के सांसद : श्री अमित शाह
*********
पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के सबसे ज्यादा एक हजार से अधिक विधायक, सबसे ज्यादा 14 राज्यों में पार्टी की या पार्टी के समर्थन से सरकार: श्री अमित शाह
*********
पूरे देश में सबसे बेहतर काम भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने किया है। राजनीतिक विश्लेषक कर सकते हैं विश्लेषण: श्री अमित शाह
*********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में तेरह साल के शासन में इसे बीमारू राज्य से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश के हर कोने में पार्टी सांसद और सबसे ज्यादा विधायक हैं। राजनीतिक विश्लेषक बता सकते हैं कि देश में सबसे ज्यादा विकास करने वाली सरकारें भारतीय जनता पार्टी की ही हैं। नोटबंदी से आए धन के बाद देश का विकास बेहद तेजी से होगा। श्री शाह ने आवाहन किया कि छत्तीसगढ़ बूथ के कार्यकर्ता लोगों के पास जाकर भारतीय जनता पार्टी, श्री नरेन्द्र मोदी और श्री रमन सिंह का संदेश पहुंचाए।
श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में सबसे पिछड़ा राज्य माना जाता था। अब सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शुमार है। यहां विकास को गांवों तक पहुंचाना बहुत कठिन था। तेरह साल में रमन सिंह सरकार ने इस काम को बहुत अच्छे से किया। गरीब, दलित, आदिवासी सबको विकास में उचित स्थान मिला। सर्वसमावेशी विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण रमन सिंह जी ने दिया है।
छत्तीसगढ़ की रमन सिंह सरकार जैसा काम कर रही है चौथी बार भी वही आएगी। अन्न वितरण प्रणाली के मामले में छत्तीसगढ़ पूरे देश में सबसे शीर्ष पर है। श्री रमन सिंह को पहली सरकार के लिए सात हजार करोड़ का बजट मिला भारतीय जनता पार्टी ने इसे 70 हजार करोड़ तक पहुंचाया है। छत्तीसढ़ सरकार ने 13 साल में कई उपलब्धियां हासिल कीं। प्रति व्यक्ति आय दस हजार से आठ गुना बढ़ाकर 82 हजार रुपये तक पहुंच गई है। बिजली का उत्पादन भी 4732 मेगावाट से बढ़कर अब 22764 मेगावाट हो रहा है। राज्य सरकार ने विकास के साथ ही सामाजिक सुरक्षा और गरीब की पीड़ा को समझने का काम किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तीन पैमाने शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण होते हैं। जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई तब शिशु मृत्यु दर प्रति हजार बच्चों में 63 था। जिसे राज्य सरकार 43 पर ले आई है। मातृ मृत्यु दर भी एक लाख पर 365 थी जो घटकर 221 पर आ गई है। कुपोषण 52 फीसदी था जो अब घटकर 30 फीसदी से भी कम हो गया है। करीब 59 हजार किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क तैयार करने का काम किया गया है। पहले 29 लाख टेलीफोन थे अब एक करोड़ 59 लाख टेलीफोन हैं। नक्सलवाद से पीड़ित राज्य में श्री रमन सिंह ने कठोर निर्णय लेते हुए लगभग नक्सलवाद को खत्म कर दिया है। रमन सिंह ने आदर्श गरीब कल्याण सरकार देने का काम किया है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पूछते हैं कि ढाई साल के शासन में आपने देश को क्या दिया। राहुल जी, हमने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री देने का काम किया। आपके प्रधानमंत्री की आवाज तो सिर्फ आप और आपकी मां ही सुन पाती थीं। हमारे प्रधानमंत्री देश की हर समस्या को अपनी समस्या समझकर मुखर होकर लोगों से बात करते हैं। दस साल तक सोनिया-मनमोहन सरकार ने 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किए। ढाई साल में श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं लगे। सरकार में पूरी पारदर्शिता है। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में कश्मीर में सीमापार से आए दिन गोली चलती थी लेकिन सैनिकों के पास गोली चलाने का अधिकार नहीं था वह दिल्ली की राह देखते थे। आज श्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी की सरकार है सीमापार से गोली आती है तो इधर से गोला जाता है। सैनिकों को पूरी छूट है। उरी में सोते हुए जवानों पर हमला किया गया। पूरे देश में गहरी हताशा थी लेकिन इस बार कांग्रेस नहीं श्री नरेंद्र मोदी की सरकार थी हमने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर जवाब दिया।
श्री शाह ने कहा कि आठ तारीख तक सारे विपक्षी दल पूछते थे कालेधन के लिए क्या किया अब पूछते हैं यह क्यों किया। कालेधन पर जिन लोगों के 70 साल की कमाई रद्दी हो गई वही परेशान हैं। कांग्रेस ने देश को कालेधन का लकवा दिया था। जिसका श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ऑपरेशन कर रही है। लोगों की परेशानी को सरकार समझती है लेकिन इस बीमारी का ऑपरेशन बेहद जरूरी था। कालेधन को बैंक में जमा करने वाले भी बच नहीं पाएंगे उनसे 50 फीसदी कर और 25 फीसदी गरीब कल्याण योजना के लिए लिया जाएगा। कालाधन छुपाने वालों से 85 फीसदी लिया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जो पैसा नोटबंदी के बाद आ रहा है इसका लाभ गरीब, युवा, महिलाओं और गांव की योजनाओं को मिलेगा। श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार हर 15 दिन में एक नई योजना लेकर आई है। अब तक 92 योजनाएं सरकार गरीबों व अन्य वर्गों के कल्याण के लिए बनाई गई हैं। अटल जी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान कहा जाता था कि 21 वीं सदी भारत की होगी लेकिन सोनिया-मनमोहन सरकार भारत को पीछे ले गई। अब श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार के दौरान फिर से कहा जाने लगा है कि 21 वीं सदी भारत की होगी।
श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगाती है कि श्री नरेन्द्र मोदी जी विदेश ज्यादा जाते थे। जबकि सच तो यह है कि मनमोहन सिंह जी अनुपात में श्री नरेन्द्र मोदी जी से ज्यादा विदेश गए। उनके जाने का पता किसी को नहीं चलता था। मोदी जी जहां जाते हैं स्वागत के लिए हजारों लोगों का हुजूम उमड़ता है। यह स्वागत सिर्फ प्रधानमंत्री और पार्टी का सम्मान नहीं बल्कि देश की सवा सौ करोड़ जनता का सम्मान है। मोदी जी ने न्यूयॉर्क में योग दिवस का प्रस्ताव रखा तो तीन महीने में ही 170 देशों ने स्वीकार कर लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई थी और आज हम विश्व का सबसे बड़ा संगठन हैं। पार्टी के पास 11 करोड़ सदस्य हैं। पहले इस पार्टी को कुछ राज्यों में सिमट जाने वाला माना जाता था। आज गुजरात के कच्छ का सांसद भी भारतीय जनता पार्टी से है और असम के कामरूप का सांसद भी। कश्मीर के लेह लद्दाख का सांसद भी इस पार्टी का है और कन्याकुमारी का सांसद भी भारतीय जनता पार्टी का ही है। पूरे देश में सबसे ज्यादा विधायक भारतीय जनता पार्टी के हैं। सबसे ज्यादा 14 राज्यों में पार्टी के मुख्यमंत्री या पार्टी के समर्थन से मुख्यमंत्री हैं। आजादी के बाद किसी गैर कांग्रेसी दल ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई है तो यह श्रेय भी भारतीय जनता पार्टी को मिला है। आजादी के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रिय प्रधानमंत्री भी भारतीय जनता पार्टी ने ही दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह काम किया है उसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश ही नहीं पूरी दुनिया में लोकप्रिय और विश्वस्त बनकर उभरे हैं।
श्री शाह ने कहा कि आजादी के बाद हमारी बहुपक्षीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में चार तरह की सरकारें आईं। पहली कांग्रेस, दूसरी कम्युनिस्ट, तीसरी क्षेत्रीय दल और चौथी भारतीय जनता पार्टी की सरकार। देश के राजनीतिक विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञों के सामने सारे आंकड़े मौजूद हैं। यह विशेषज्ञ विकास, राज्य को आगे बढ़ाने, कानून व्यवस्था बेहतर करने, सामाजिक सशक्तीकरण और महिला सशक्तीकरण को आधार बनाकर विश्लेषण करें। मुझे इस बात की पूरी जानकारी है कि सबसे बेहतर काम भारतीय जनता पार्टी ने ही किया है। हम जातिवाद, संकुचित प्रदेशवाद, सांप्रदायिक तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते। हम पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस की राजनीति करते हैं। सबसे अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। श्री दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और श्री नरेन्द्र मोदी की ‘सबका साथ सबका विकास’ का मंत्र लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। इसलिए जहां भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है बार बार जनता उसे लेकर आई है।